शुक्रवार, 5 अप्रैल 2024

नमस्कार। आप सब को वित्तीय नए साल के लिए मुबारक। व्यवसाय ,नौकरी ,स्कूल ,कॉलेज सब के लिए नई शुरुआत। अप्रैल का महीना। एक ऐसा महीना जो शुरू होता है अपने ही अंदाज़ में -इस महीने का पहला दिन अप्रैल fools का दिन होता है। यह प्रथा कब से शुरू हुआ है। मैंने रिसर्च किया। पता चला कोई निश्चित शुरुआत का इतिहास नहीं है। परन्तु यह प्रथा १७वीं शताब्दी से प्रचलित है। यह एक हल्का फुल्का मज़ाक और मस्ती का प्रयास है अपनों के साथ। आनंद लेना है बिना दिल को ठेस पहुँचाकर। आपने क्या किसी को पहले अप्रैल के दिन किसी को fool बनाया है। कैसा रहा आपका तजुर्बा। 

परन्तु अब हमें fools बनने से सतर्क रहना पड़ेगा। आपने जरूर सुना और पढ़ा होगा कैसे लोग तरह तरह के धोके का शिकार बन रहें हैं। मेरे एक अभिन्न मित्र को मेसेज और कॉल आया कि उसने अपने बिजली की बिल का पेमेंट नहीं किया है। अगर अगले एक घंटे में पे नहीं करेगा तो बिजली की लाइन कट कर दिया जायेगा और उसको फिर से चालू करने के लिए बहुत पैसे लगेंगे और पाँच से सात दिन का समय लगेगा। सोचिए आज के ज़माने में पाँच से सात दिन बिना बिजली का बिताना। मेरे दोस्त ने भेजे हुए लिंक के जरिए पे करने की कोशिश की। करीब दो लाख रुपये उनके बैंक एकाउंट से निकल गया। करीब छः महीने गुज़र गए हैं। अभी भी पैसा वापस नहीं मिला है। इस उदाहरण से हम क्या सीख सकते हैं। जो ऐसा धांधली कर रहें हैं , उनके पास हमारे कई डिटेल्स हैं। इनका तकनीक है कि सोचने का समय ना देकर एक डर पैदा करना जो कि हम नहीं चाहते हैं। ऐसे समय पर फ़ोन करो जब कि इंसान ऐसे किसी काम में उलझा हो कि उसके पास समय ज़्यादा नहीं है सोचने का या पूछताछ करने का। जैसा की मेरे दोस्त के साथ हुआ। जो कि एक बड़ी कंपनी में एक महत्वपूर्ण जिम्मेवारी वाले पोजीशन पर है। मेरे मित्र ने मुझे यह बताया कि उन्होंने बिल पे किया था और उनको संदेह हुआ।  परन्तु  उसने आप के वजाय उस फ़ोन करने वाले के बातों पर विश्वास किया। सबसे बड़ी गलती जो उन्होंने की -बिजली के लाइन के कट जाने के धमकी से डर गया। और यहीं पर उसने सबसे बड़ी गलती कर दी। आज के ज़माने में कोई भी सर्विस प्रोवाइडर अपने वेबसाइट पर लिख देता है अपने टर्म्स और कंडीशंस ऐसे परिस्थितिओं के लिए। जैसे कि अगर आप समय पर बिजली का बिल ना भरो तो जुर्माना क्या है। अगर यह जानकारी मेरे दोस्त के पास होती तब वह fool नहीं बनता। आप सबसे निवेदन है कि जो भी सर्विस का आप ग्राहक हो उनका टर्म्स एंड कंडीशंस ध्यान से पढ़ो और समझो। 

इसके अलावा मेरा विश्लेषण इस  निष्कर्ष पर पहुँचा है कि अधिक से अधिक लोग जो कि fool बनाए गए हैं ,अपने लालच का शिकार हैं। आपको एक लिंक मिला कि आपको एक लौटरी लगी है एक करोड़ रुपये का। बस क्लिक कीजिये और अपने बैंक एकाउंट का डिटेल्स दीजिए पैसा आपके एकाउंट में आ जायेगा। यह आपको लिंक मिलने के आधे घंटे के अंदर करना है नहीं तो किसी और को लौटरी लग जायेगा। बस आप लिंक पर क्लिक करो और आपका बैंक एकाउंट खाली हो जाएगा। 

मुझे कभी -कभी फ़ोन मिलता है कि मेरा एक पुराना इन्शुरन्स पॉलिसी में काफी पैसा जमा हो गया है। जो कि न उठाने पर फिर कभी नहीं मिलेगा। अगर मैं अपना बैंक एकाउंट का डिटेल्स दूँ तो पैसे मुझे मिल जाएंगे। जरा सोचिये अगर पैसा मेरा है तब किसी भी नियम के अधीन उसे कोई नहीं ले सकता है। ऐसी जानकारी हमें मदत करती है fool नहीं बनने से। 

एक और उदाहरण देखिये। कई गरीब लोग जल्दी ,ज़्यादा पैसा कमाने के लिए चिट फंड में अपना पैसा निवेष करते हैं। कुछ महीनों में पैसा दुगना हो जाएगा इस आश्वासन के कारण। शुरू में जब उनका निवेष थोड़ा होता ,तब उनको दुगना पैसा वापस मिलता है। यह एक तरीका है लालच को प्रोत्साहित करने का। फिर एक समय आता है जब पूरा पैसा डूब जाता है। ऐसा धाँधली हर राज्य में होता है। यह भी जानकारी के अभाव के लिए होता है। कोई भी अगर दस से बारह प्रतिशत से ज़्यादा बढ़त का वादा करता है तो सावधान रहिये। जितना कम समय में आपके पैसों को बढ़ाने का आश्वाशन दे ,उतना ही सतर्क हो जाइए। 

दुनिया जितना डिजिटल बन जाएगी उतना ही ऐसे क्राइम बढ़ेंगे। बुजुर्गों का मदत कीजिए। उनको ज़्यादा टारगेट करते हैं ऐसे धोकेबाज। लालच और डर के फंदे में पैर ना रखिये। जानकारी बढ़ाइए इनसे दूर रहने के लिए। ताकि आपको कोई fool ना बना सके। 

इस साल गर्मी का पूर्वाभास अच्छा नहीं है। सावधान रहिये। अपना और अपनों का ख्याल रखिये। फिर मिलेंगे अगले महीने। 

शुक्रवार, 1 मार्च 2024

नमस्कार। होली के महीने में आप सब का स्वागत। वित्तीय वर्ष का आखिरी महीना। टैक्स प्लैनिंग का महीना। कई वयवसाय के लिए वाणिज्य का सबसे उम्दा महीना। विद्यार्थी के लिए परीक्षा का समय। नौकरी करने वाले के लिए वार्षिक परफॉरमेंस का समय। बहुत ही व्यस्त महीना। हर किसी के लिए। दो किस्म का प्लॅनिंग चलता है। वर्ष को धमाके के साथ समाप्त करने का। और नए साल का तगड़ा शुरुआत करने की प्रस्तुति। 

मैं समझता हूँ कि मार्च का महीना आगे के बारह महीनों के प्लानिंग में इस्तेमाल करना चाहिए। किस तरह का प्लॅनिंग। मन ,धन, चैन ,प्रगति और स्वास्थ का। शायद आप हमसे सहमत होंगे अगर मैं यह कहूँ कि इन्सान का मन ही इंसान का सबसे बड़ा मित्र और सबसे कठिन शत्रु होता है। हम अपने मन को खुश रखे तो ज़िन्दगी और आसान एवं आनंदमय बन जाता है। थोड़ा सोचिये और खुद के साथ बातचीत कीजिये। गत बारह महीनें में आपके ख़ुशी के क्षण और उनकी वजह और उदासी के पल और उदासी के कारन। मैंने अपने लिए यह विश्लेषण किया है। और दो -तीन बातें मेरे सामने उभर कर सामने आई है। पहली बात बहुत सारे उदासी का कारन मैं खुद हूँ। मैं दूसरे के तरक्की पर उदास हूँ। क्योँ। क्योंकि मुझे लगता है वह इंसान उस तरक्की के काबिल नहीं है। वह लकी या खुश किसमत है। मैं कौन होता हूँ इस निष्कर्ष  पर पहुँचने का। इस वित्तीय वर्ष में हमारी वार्षिक आय उम्मीद से काफी कम रही। इस वजह से मैं उदास हूँ। परन्तु जब मैंने अपने जैसे औरों से बातचीत की तब मुझे यह महसूस हुआ कि मैंने औरों की अपेक्षा बेहतर किया है। थोड़ी ख़ुशी हुई। हमारा मानना है कि हम औरों के साथ अपना तुलना करके सबसे ज़्यादा असंतुष्ट होते हैं। यह एक व्यर्थ प्रयास है। इससे दूर रहिए। 

धन केवल तनख्वा या मासिक रोजगार ही नहीं है। कैसे हम अपने धन की वृद्धि करेंगे इसके लिए प्लानिंग करना आवश्यक होता है। कुछ इंसान केवल आज के लिए जीते हैं। उनका कहना है कि कल किसने देखा है। आज जी भर कर जीयो। मुझे ऐसे सोच से कोई असुविधा नहीं है। केवल इतना ही कहना है कि कल क्या होगा किसको पता परंतु कल के सफर के लिए रहना है तैयार। इसी में होशियारी है। ऐसा कोई इंसान नहीं है जिसने अपनी ज़िन्दगी में उतार चढ़ाओ नहीं देखें हो। इसी लिए हमारे पूर्वज कन्या के विवाह के समय सोने के अलंकार को स्त्रीधन का दर्जा देते थे जिसका मूल्य सदा बढ़ता रहेगा और कठिन समय में पैसों की जरूरत को मिटा सकता है। अभी हमारे देश में निवेश और पैसों को बढ़ाने के कई तरीके हैं। केवल एकमात्र प्रलोभन से दूर रहना जरूरी है -तुरंत पैसा बढ़ाने के वादे करने वाले उपाय का। फिर तो यह जुआ का दर्जा ले लेता है। और हम सबको पता है कि जुआ इंसान को  सर्वनाश कर सकता है। 

चैन ,प्रगति और स्वास्थ का एक अनदेखा बंधन है। प्रगति के लिए बेचैनी आवश्यक है। परन्तु हद से ज्यादा बेचैनी स्वास्थ बिगाड़ सकती है। संतुलन बनाए रखना जरूरी है। एकमात्र उपाय है अपने प्रयास पर फोकस करना। परिणाम पर नहीं। क्योंकि परिणाम पर किसी का कण्ट्रोल नहीं है। परन्तु अपने प्रयास पर हर किसी का कण्ट्रोल है। प्रयास का क्वांटिटी और क्वालिटी दोनो पर नज़र रखना आवश्यक है। उदाहरण स्वरुप अगर डॉक्टर ने मुझे वजन घटाने के लिए हफ्ते में पाँच दिन ४५ मिनट का द्रुत वाक करने का निर्देश दिया है तो पाँच दिन ४५ मिनट चलना प्रयास का क्वांटिटी है। ४५ मिनट में हम कितना किलोमीटर चल रहें हैं प्रयास का क्वालिटी है। जितना ज़्यादा किलोमीटर चलेंगे उतना ही प्रयास का क्वालिटी बेहतर है। इस सन्दर्भ में आखरी बात उन अभिभावकों के लिए है जो कि अपने बच्चों के परीक्षा के रिजल्ट के लिए अपनों का और बच्चे का चैन न्योछावर कर देते हैं। अगर आपके टेंशन करने से रिजल्ट्स बेहतर हो जाएंगे तो फिर बच्चे को पढ़ कर परीक्षा की तैयारी नहीं करनी परती। आपका टेंशन ही उनके रिजल्ट्स बेहतरीन कर दिए होते। परन्तु ऐसा कभी नहीं होता है। बच्चे को प्रोत्साहित कीजिए पढ़ाई का आनंद लेने का। बच्चा सीखेगा और यही उसका ज़िन्दगी का सम्पद बनने वाला है। 

आपका यह वित्तीय वर्ष सफलता के साथ संपन हो यही दुआ रहेगी हमारी। अगला साल और बेहतर हो यही हमारी आशा रहेगी। फिर मिलेंगे अगले वित्तीय वर्ष में। खुश रहिये। 

शुक्रवार, 2 फ़रवरी 2024

नमस्कार। २०२४ का दूसरा महीना। वित्तीय वर्ष के अंत से दो महीने दूर। फ़रवरी का महीना। वैलेंटाइन्स का महीना। रोमांस का महीना। रोमांस क्या केवल युवा पीढ़ी के लिए है। या हर किसी के लिए है। मेरा मानना है कि रोमांस ज़िन्दगी के लिए है। रोमांस के बिना ज़िन्दगी अधूरी है। सहमत हैं आप। या उत्सुक हैं मेरे इस धमाकेदार ऐलान का सन्दर्भ समझने के लिए। यही आज के लेख का मूल  विषय है। 

रोमांस का मतलब क्या है। प्यार। मोहब्बत। या और कुछ। जब आप किसी से रोमांस करते हो तो क्या होता है। आप उसके साथ ज़्यादा से ज़्यादा समय बिताने की कोशिश करते हो। आप उनको और बेहतर समझने का निरंतर प्रयास करते हो। क्या अच्छा लगता है क्या बुरा लगता है उसका ध्यान रखते हो और चेष्टा रहती है कि हम वह करें जो कि उन्हें अच्छा लगता है। सबसे बड़ी बात है कि रोमांस के लिए किया हुआ मेहनत कभी थकान नहीं महसूस कराती है। हमें आनंद मिलता है ऐसे मेहनत का। हम उस क्षण के लिए सोचते हैं और एक उज्वल और आनंदमय भविष्य का उम्मीद रखते हैं। 

हमारा क्रिकेट के लिए पागल देश है। हर किसी का एक या अधिक फेवरिट क्रिकेटर होता है। ऐसे क्रिकेटर के सफलता का राज़ क्या है। क्रिकेट के साथ रोमांस। घंटों अभ्यास गर्मी ,बरसात ,ठंड के मौसम में। हाई प्रेशर मैच में परफॉरमेंस का आनंद। निरंतर खुद को ,फैंस को और दर्शकों को और आनंद देने के लिए मेहनत और फोकस। यह है खेल के साथ रोमांस। 

बॉलीवुड के किरदार -हीरो ,हीरोइन ,विलेन -सब का फैन होता है। यह लोग हमें परदे पर दिखते हैं। परन्तु एक सफल फिल्म के लिए अनगिनत ऐसे लोग काम करते हैं जिन्हें हम दर्शक नहीं देख पाते हैं। उनके सम्मिलित प्रयास के बिना फिल्म नहीं बन सकती है। ऐसे लोग अपने पेशे के साथ रोमांस करते हैं यह जान कर भी कि फिल्म का श्रेय अभिनेता और डायरेक्टर को प्राप्त होगा। दर्शक उनके काम के साथ रोमांस को नहीं समझ पायेंगे। परंतु फिल्म इंडस्ट्री में उनका कदर बढ़ता है। 

आप जो भी कर रहे हो उसके साथ रोमांस करो। विद्यार्थी किसी भी सब्जेक्ट के साथ , नौकरी या बिज़नेस वाले अपने पेशे के साथ। घर में रहने वाले किसी भी विषय के साथ जिससे आपको और परिवार को फायदा हो। मेरे कुछ मित्र रिटायर होने के बाद वेद ,पुराण ,गीता ,रामायण या महाभारत को समझने के लिए इन के साथ रोमांस में डूब गए हैं। 

आपको केवल यह निर्णय करना है कि आप किसके साथ रोमांस करना चाहते हो। यह पहला कदम है आपके रोमांस के लिए। फिर रोमांस में डूब जाईये और ज़िन्दगी का और भी आनंद लीजिये। हैप्पी वैलेंटाइन्स डे। खुश रहिए। 

शुक्रवार, 5 जनवरी 2024

Happy New Year

नमस्कार। २०२४ के लिए हमारी शुभकामनाएँ। हैप्पी न्यू ईयर। हम हर किसी को नए साल के शुरुआत में  हैप्पी न्यू ईयर कह कर ऊनके लिए हैप्पी होने का दुआ करते हैं। आज का लेख इसी सन्दर्भ में है। 

हम खुद चाहते हैं कि हम हैप्पी रहें और हमारे अपने भी हैप्पी रहें। परन्तु हमने कभी यह सोचा है कि हमारा हैप्पीनेस का मापदंड क्या है और हम कैसे अपना हैप्पीनेस बढ़ा सकते हैं ? आपने कभी सोचा है इस विषय पर अपने लिए ? क्या निष्कर्ष रहा आपका ,खुद के लिए ? आपने क्या कभी अपनों के लिए यही प्रश्न किया है ? अपने जीवन साथी को क्या हैप्पी बनाता है ? शायद आपने उतनी गहराई के साथ सोचा होगा जैसा कि आप इस वक़्त सोच रहे होगे ,इस लेख को पढ़ते वक़्त। 

हैप्पीनेस दो तरह के होते हैं -एक जो कि अप्रत्याशित है और दूसरा जो कि परिकल्पित या प्लैन्ड है। उदहारण स्वरुप आप चाहते हैं कि आपका बच्चा, जो कि पढ़ाई में ज़्यादा दिलचस्पी नहीं रखता है ,परीक्षा में अच्छे मार्क्स लेकर आए। सहज प्रश्नपत्र होने की वजह से अगर उसे अच्छे मार्क्स मिल जाए तो आप हैप्पी हो जायेंगे। यह अप्रत्याशित हैप्पीनेस का एक नमूना है। एक और उदाहरण -आप अपना वज़न कम करना चाहते हो।  कुछ नहीं करने के बावजूद आपका वज़न घट जाता है। आप हैप्पी हो जाओगे। अप्रत्याशित हैप्पीनेस। एक मात्र असुविधा है कि इस हैप्पीनेस पर आपका कोई कण्ट्रोल नहीं है। आप इसको दोहरा नहीं सकते हो। आपको अच्छे समय का इंतज़ार करना पड़ेगा। हैप्पी होने के लिए। 

परिकल्पित हैप्पीनेस के लिए यह समझना पड़ेगा कि मेरा हैप्पीनेस कहाँ छुपा है। मेरा तजुर्बा बताता है कि हम खुद के साथ इस विषय पर सोचते नहीं हैं। कुछ ऊपरी अनुभूति हमें खुश करती है। जैसा कि मैं चूँकि खाने का शौक़ीन हूँ ,अच्छा खाना मुझे खुश कर देता है। यह ख़ुशी महत्वपूर्ण और जरूरी है। परन्तु जिस  ख़ुशी को समझने के लिए और गहराई से सोचना जरूरी है ,उस पर सोच विचार करना जरूरी है। मुझे ख़ुशी मिलती है जब मैं दूसरों को प्रोत्साहित कर पाता हूँ अपने सोच के माध्यम से। यह उपलब्धि मुझे तब हुई जब आप जैसे कई पाठक मेरे साथ फेसबुक के माध्यम से मेरे साथ जुड़ने लगे , मुझे प्रश्न पूछने लगे अपने कैरियर या दुविधा के विषय में। इस लिए मैं हर महीने कोशिश करता हूँ नए सोच के साथ अपने लेख को पेश करने का। 

अपनों के हैप्पीनेस के विषय में हम अक्सर एक गलती कर बैठते हैं। हम अपने हैप्पीनेस को अपनों का हैप्पीनेस समझ बैठते हैं। कई अभिवावक अपने बच्चों को गाना सीखने के लिए मजबूर करते हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि गाना सीखने से बच्चे को दूसरे बच्चों के तुलना में आगे रहने में सहायता होगा और उनको अपने बच्चे पर और गर्व होगा। परन्तु बच्चा शायद गाना सीखने में दिलचस्पी ना रखता हो। मजबूरी के कारण वह गाना सीखने की कोशिश करता है। ताकि उसके अभिवावक नाराज ना हो। यह हैप्पीनेस का गलत नमूना है। 

मेरा मानना है कि हमें अपने लिए हैप्पीनेस के लिए ऐसा कुछ नहीं करना चाहिए जिसके कारन कोई और दुखी हो जाए। यही हैप्पीनेस का पहला नियम है। परन्तु हैप्पीनेस का मूल मंत्र क्या है ? हाल में एक हिंदी सिनेमा में मुख्य किरदार ने एक बेमिसाल डायलाग बोला है -हैप्पीनेस इस अ डिसिशन -अर्थार्थ हमारी ख़ुशी हमारा डिसिशन है। और किसी का नहीं। खुश रहिए। हैप्पी न्यू ईयर।